DniNews.Live

‘चिकनी चमेली…’ पर क्लास बंद कर टीचर का डांस… VIDEO:लखनऊ के प्राइमरी स्कूल में लगाया साउंड, बोलीं- एग्जाम के बाद मनोरंजन था

लखनऊ के एक प्राइमरी स्कूल में महिला टीचर पर क्लास बंद कर नौनिहालों को अश्लील गाने पर डांस कराने का आरोप लगा है। स्कूल के अंदर साउंड में अग्निपथ फिल्म का गाना ‘चिकनी चमेली…’ लगाकर जमकर डांस किया। इसमें बच्चों को भी शामिल किया गया था। मामला काकोरी विकासखंड के गुरदीन खेड़ा प्राथमिक विद्यालय का है। क्लास के अंदर गाना चलाकर डांस कराया जा रहा था। गांव के ही किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि जांच कर एक्शन लेंगे। वीडियो में क्या दिखता है… सोशल मीडिया पर 51 सेकंड का वीडियो है। इसमें पहले एक कमरा दिखता है जो अंदर से बंद है। उस पर लिखा है- कक्षा- 3, 4, 5। इसके अंदर से गाने के बोल ‘पव्वा चढ़ाके आई…’, ‘जंगल में आज मंगल करूंगी, भूखे शेरों से खेलूंगी मैं…’ सुनाई देते हैं। इसके बाद दूसरी कक्षाओं और प्रधानाध्यापक का ऑफिस दिखता है। वीडियो में कोशिश की जाती है कि जिस कमरे के अंदर डांस चल रहा है, उसे खिड़की के छेद से दिखाया जाए। यह नहीं हो पाता तो क्लास का दरवाजा धक्का मारकर खोल दिया जाता है। इसके बाद क्लासरूम के अंदर का नजारा दिखता है। टीचर हांफती हुई कुर्सी पर बैठी है। बच्चे सब सन्न रह गए। गाना बंद कर दिया गया। टीचर ने खुले बाल बच्ची से बंधवाए यह घटना शनिवार 28 मार्च की दोपहर करीब 2:40 बजे की बताई जा रही है। क्लास बंद कर बच्चों के साथ फिल्मी गाने पर डांस करने वाली टीचर का नाम माधुरी है। उन पर बच्चों से बाल भी बंधवाने का आरोप है। जब वह कुर्सी पर बैठीं तो एक बच्ची को कुछ इशारा करती हैं जिसके बाद बच्ची उनके बाल बांधने लगती है। मालूम हो कि परिषदीय स्कूलों में इस समय वार्षिक परीक्षा चल रही है। मामले पर शिक्षिका माधुरी ने सफाई दी कि बच्चों की परीक्षा समाप्त हो चुकी थी, जिसके बाद उनका मनोरंजन कराया जा रहा था। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापक विकार फातिमा और शिक्षामित्र भी स्कूल में नहीं थे। एक कमरे में परीक्षा, बगल में डांस विद्यालय में कुल 48 छात्र-छात्राएं रजिस्टर्ड हैं, जिनमें से घटना वाले दिन 26 बच्चे उपस्थित थे। विद्यालय में मात्र दो कमरों में कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई कराई जा रही है है। आरोप है कि एक कमरे में तेज संगीत के बीच डांस चल रहा था, जबकि दूसरे कमरे में बच्चे परीक्षा दे रहे थे। विद्यालय में मौजूद रसोइया ने बताया कि कमरे का दरवाजा और खिड़कियां बंद थीं। अंदर शिक्षिका माधुरी बच्चों के साथ नृत्य कर रही थीं। जब दरवाजा खुलवाया गया, तो शिक्षिका बच्चों के बीच बैठी मिलीं और एक छात्रा उनके खुले बाल बांध रही थी। ग्राम प्रधान बोलीं- पहले भी ऐसी शिकायतें मिलीं खंड शिक्षा अधिकारी राम शंकर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सोमवार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्राम पंचायत प्रधान ज्योति यादव ने कहा कि संबंधित शिक्षिका के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। इस बार उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *