गोरखपुर में रविवार को मौसम सुबह से ही गर्म और उमस भरा रहा। सुबह तेज धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा और तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, तापमान में और बढ़ोतरी होगी और दोपहर तक यह लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। देखिए 2 तस्वीरें मौसम विभाग डॉ कैलाश पांडे ने आने वाले दिनों को लेकर अहम पूर्वानुमान जारी किया है। 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर विभाग ने सतर्क रहने की सलाह भी दी है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 मार्च को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं 30 और 31 मार्च के साथ-साथ 1 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। खासकर गोरखपुर और आसपास के जिलों में 31 मार्च और 1 अप्रैल को इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इससे पहले शनिवार को भी सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी, लेकिन इसका तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था। आज के मौसम की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर, फिलहाल गर्मी और उमस बनी रहेगी, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं से मौसम कुछ राहत दे सकता है।

Leave a Reply