उन्नाव में वाहन चेकिंग के दौरान ARTO प्रवर्तन, उनकी टीम और एक ट्रक चालक में जमकर विवाद हो गया। ARTO के साथ मौजूद सिपाही ने ट्रक चालक का कॉलर पकड़ लिया तो ट्रक चालक भी सिपाहियों और ARTO से भिड़ गया। ARTO और उनके साथ मौजूद सिपाहियों ने ट्रक चालक पर शराब के नशे में धुत होने का आरोप लगाया। वहीं ट्रक चालक ने झूठे आरोप लगाने, जबरन कार्रवाई करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत की है। घटना से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। जिसमें महिला ARTO के सामने ही एक सिपाही ट्रक चालक का कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाता दिख रहा है। जवाब में ट्रक चालक ने वीडियो बनाते हुए ARTO से कहा- मेरे सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं। आप बदतमीजी कर रही हैं, आप लोगों को इसका जवाब देना पड़ेगा। घटना देर रात जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर दही थाने के पास की है।
अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए…
ARTO प्रवर्तन प्रतिभा गौतम शनिवार रात अपनी टीम के साथ दही थाने से कुछ ही दूरी पर फैक्ट्री के पास चेकिंग अभियान चला रही थीं। वे अपनी सरकारी बोलेरो कार में बैठी हुई थीं, जबकि बाकी टीम रोड से आने-जाने वाले भारी वाहनों को रोककर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान, रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच टीम में मौजूद सिपाहियों ने एक ट्रक को रोका। चालान करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। तभी देखते ही देखते ARTO टीम के एक सिपाही ने ट्रक चालक का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट करने लगा। विवाद बढ़ता देख ARTO अपनी कार से उतरकर पहुंचीं और वे भी ट्रक चालक को खरी-खोटी सुनाने लगीं। इसी दौरान ट्रक गोलू के चालक के साथ मौजूद खलासी ने मोबाइल से मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। जानिए वीडियो में क्या दिखा…
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक सिपाही ट्रक चालक का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की करते और थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाए दिख रहा है। कुछ ही देर में महिला ARTO अधिकारी भी अपनी कार से उतर कर आती हैं और सिपाही को रोकने की बजाय ट्रक चालक पर गुस्सा करने लगती हैं। पास में मौजूद ट्रक का खलासी मोबाइल से वीडियो बनाता दिखता है। वायरल क्लिप में हमलावर पुलिसकर्मी चालक से कह रहा है- शराब पी रखी है, जमानत नहीं हो पाएगी। पीड़ित ट्रक चालक कह रहा है- मेरे सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर हैं। पूरी घटना रिकॉर्ड कर रहा हूं। तुम लोग जबरन मेरी गाड़ी खींच कर ले आए और चालान किया है। मुझे बेवजह पीटा है, मैं चुप नहीं बैठूंगा। मैंडम मैं आपकी शिकायत करूंगा। आप जवाब नहीं दे पाएंगी। इस मामले को लेकर ARTO प्रवर्तन प्रतिभा गौतम के मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल किया गया, पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया- फिलहाल इस मामले को लेकर हमें अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पूरा प्रकरण जानने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय हो सकेगी। ————————————— ये खबर भी पढ़िए… BSF जवान की हत्या, घर में घुसकर गोली मारी:मेरठ में गांव के युवक से झगड़ा हुआ, छुट्टी पर घर आए थे मेरठ में BSF जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। नैन सिंह बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह 6 मार्च को छुट्टी पर घर आए हुए थे। वारदात के समय वह घर पर सो रहे थे। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी। घर वालों ने पुलिस को बताया कि गांव के एक युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसे लेकर 3 दिन पहले और आज झगड़ा हुआ था। घटना शनिवार देर शाम इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव की है। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply