कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार पकड़ी टोला–सोहसा मार्ग पर शनिवार को एक बेकाबू बोलेरो की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम कान्हा की मौके पर मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में बोलेरो में सवार महिला-पुरुष समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़ी टोला के पास तेज रफ्तार बोलेरो अचानक बेकाबू होकर सड़क से उतर गई। वाहन सीधे एक घर के सामने जा पहुंचा, जहां दरवाजे पर कान्हा खेल रहा था। बोलेरो की तेज रफ्तार के कारण मासूम को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि बोलेरो वाहन कुरहवां स्थित एक निजी महाविद्यालय में एक महिला को परीक्षा दिलवाने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद लौटते समय चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना में बोलेरो चालक सहित वाहन में सवार कुल छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में 18 वर्षीय संस्कृति उर्फ गुंजन पुत्री जग्गू कुशवाहा की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। 28 वर्षीय निप्पू पुत्री जग्गू सहित अन्य घायलों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायल पकड़ी टोला के निवासी हैं। मासूम कान्हा को रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायलों में बोलेरो चालक 24 वर्षीय समीर खान, निवासी करौदी बाजार, थाना बरियारपुर, जिला देवरिया भी शामिल है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संस्कृति उर्फ गुंजन कुशवाहा दुल्हनिया इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा है और फरवरी में उसकी बोर्ड परीक्षा है। मृतक कान्हा तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरपुर गांव का रहने वाला था। वह इन दिनों अपनी मां के साथ खैरटवा स्थित ननिहाल आया हुआ था। इस संबंध में रामकोला प्रभारी निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/VNJnwt3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply