बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं। मृतक की पहचान प्रशांत पुत्र सियाराम के रूप में हुई है। मृतक के परिजन राकेश ने चांदपुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के अनुसार, आरोपी पलक पुत्री संजीव और उसके परिजनों व अन्य ने प्रशांत को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गंभीर रूप से घायल प्रशांत को मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर चांदपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रशांत की मृत्यु के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं। इस मामले में निक्रांत उर्फ निक्की, सचिन कुमार, अभिनय पुत्र राजपाल, संजीव पुत्र नत्थू और पलक पुत्री संजीव, निवासीगण तखनपुरी, चांदपुर के नाम सामने आए थे। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने 28 मार्च को कार्रवाई करते हुए निक्रांत उर्फ निक्की पुत्र बलराम और संजीव पुत्र नत्थू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं। मामले में सचिन कुमार, अभिनय और पलक सहित तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply