कानपुर देहात के अंबियापुर रेलवे स्टेशन के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर क्षेत्र में जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। युवा समाजसेवी सिद्धांत सैनी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। अभियान के दूसरे दिन लोगों की भागीदारी और समर्थन पहले से अधिक देखने को मिला। अभियान से जुड़ी टीम ने अंबियापुर बाजार और सिठमरा क्षेत्र में दुकानों, होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पर्चे चिपकाए। इस दौरान टीम ने आम लोगों से सीधे संवाद कर स्टेशन से जुड़ी समस्याओं को उनके सामने रखा और इस मुहिम से जुड़ने की अपील की। स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों को स्टेशन की कई प्रमुख समस्याओं के बारे में बताया गया। इनमें एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होना, स्वच्छ पेयजल की कमी, यात्री शेड का अभाव, महिला शौचालय न होना, सुरक्षा कर्मियों की कमी और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव शामिल है। टीम ने लोगों से इन मांगों के समर्थन में क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने की अपील भी की। दुकानदारों, युवाओं और नागरिकों ने दिया समर्थन इस जनहित अभियान को क्षेत्र के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। दुकानदारों, युवाओं और आम नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया। लोगों ने एक स्वर में कहा कि अंबियापुर रेलवे स्टेशन को उसका अधिकार और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। अभियान में कई लोगों ने निभाई सक्रिय भूमिका इस मुहिम में अजय पाल (प्रधान प्रतिनिधि), अमित बघेल, देवी प्रसाद सक्सेना, सौरभ कमल, अभिषेक शुक्ला, अमन गौतम, सुमित कुमार, डॉ. सुशील पाल, अंकित विश्वकर्मा, विशाल कुमार और हर्षित कुशवाह सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और अभियान को अपना समर्थन दिया। ‘यह किसी एक व्यक्ति नहीं, पूरे क्षेत्र की आवाज’ अभियान के संयोजक सिद्धांत सैनी ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक आवाज है। उन्होंने कहा कि जब तक स्टेशन पर आवश्यक विकास कार्य पूरे नहीं होते, तब तक यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। 3 दिन में 350 से ज्यादा लोगों ने दिया समर्थन सिद्धांत सैनी ने बताया कि डिजिटल हस्ताक्षर अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है और सिर्फ तीन दिनों में 350 से अधिक लोगों का समर्थन मिल चुका है। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह अभियान एक बड़े आंकड़े तक पहुंचेगा, जनसमर्थन के साथ मांग पत्र रेल विभाग के अधिकारियों को सौंपा जाएगा, ताकि स्टेशन के विकास को लेकर ठोस कार्रवाई हो सके।

Leave a Reply