DniNews.Live

मथुरा से 13 साल की बच्ची लापता:तीन दिन से परिजन तलाश रहे, नहीं चल पाया पता, पुलिस से मांगी मदद

मथुरा शहर से एक 13 वर्षीय बच्ची तीन दिन से लापता है। बच्ची का कोई सुराग न मिलने से परिजनों की बेचैनी बढ़ गई है, वहीं पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी है। हाल ही में आगरा में हुई एक मासूम बच्ची की हत्या की घटना के बाद इस मामले ने चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के भीखचंद इलाके की है। 13 वर्षीय बच्ची गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे अपने घर से निकली थी। उसने अपनी छोटी बहन से कहा था कि वह एक घंटे में वापस लौट आएगी, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर बच्ची की काफी खोजबीन की। जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची होलीगेट चौराहे की ओर जाती हुई दिखाई दी है। बताया जा रहा है कि वह घर से एक रिक्शा में बैठकर निकली थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। बच्ची के ताऊ प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि उसके पास करीब 800 रुपये थे, लेकिन कोई मोबाइल फोन नहीं था, जिससे उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि बच्ची ने पहले कभी इस तरह घर से जाने की कोशिश नहीं की थी। बच्ची की मां वृंदावन में रहती है, जबकि उसके पिता का कुछ समय पहले निधन हो चुका है। गौरतलब है कि हाल ही में आगरा में एक मासूम बच्ची की हत्या कर शव को कनस्तर में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। उस घटना में आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। इसी घटना के बाद मथुरा का यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। बच्ची की जल्द बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *