DniNews.Live

मेरठ में जाटों का शक्ति-प्रदर्शन आज:भगवंत मान और हनुमान बेनीवाल होंगे शामिल, देश भर के जाट नेता पहुंचेंगे

मेरठ में आज जाट बिरादरी शक्ति प्रदर्शन करेगी। सकौतीटांडा में अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद का आयोजन होगा। इसमें वीर शिरोमणि महाराजा सूरजमल की उत्तर प्रदेश की सबसे भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस जाट महाकुंभ में पंजाब के मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी नेता भगवंत सिंह मान पहुंचेंगे। साथ ही राजस्थान से हनुमान बेनिवाल भी शिरकत करेंगे। देशभर से जुटेंगे जाट नेता बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत सहित देश भर के जाट समाज के दिग्गज शामिल होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य समाज की एकता और नव-निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाना है। हितकारी किसान इंटर कॉलेज, सकौती टांडा में यह आयोजन होगा। समारोह में जाट एकता, शिक्षा, संस्कार, रोजगार और आरक्षण के मुद्दों पर चर्चा भी होगी। इसके साथ ही वेस्ट यूपी के बड़े जाट नेता, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा से लेकर देश के अन्य राज्यों से भी जाट नेता पहुंचेंगे। खापों के थांबेदार और चौधरी शामिल होंगे। यह आयोजन 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट समाज की शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। मुजुफ्फरनगर से पूर्व सांसद, भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रहे डॉ. संजीव बालियान इस आयोजन के लिए लगातार जनसंपर्क कर रहे थे। उनकी पर्दे के पीछे से इस पूरे आयोजन में महती भूमिका है। अनावरण समारोह की अध्यक्षता महाराजा विश्वेंद्र सिंह करेंगे, जो महाराजा सूरजमल की चौदहवीं पीढ़ी के वंशज हैं। मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उपस्थित रहेंगे। ये नेता होंगे शामिल विशिष्ट अतिथियों में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बिरेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, हरियाणा सरकार के मंत्री महिपाल ढांडा, विधानपरिषद सदस्य मोहित बेनीवाल, पूर्व सांसद हरपाल पंवार और अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संस्थापक अध्यक्ष रामावतार पलसानिया शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, जाट समाज की खापों के प्रधान, सामाजिक संगठनों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और प्रवासी जाट बंधु भी उपस्थित रहेंगे। इस समारोह के लिए जाट समाज के सभी सामाजिक और राजनीतिक नेताओं, जाट सभाओं व संगठनों के प्रधानों तथा खापों को पार्टी पॉलिटिक्स से ऊपर उठकर सामाजिक भाईचारे की भावना के साथ निमंत्रण दिया गया है। आयोजकों के अनुसार, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और मध्य प्रदेश सहित देश-दुनिया से लगभग एक लाख जाट समाज के लोग मूर्ति अनावरण सभा में शामिल होंगे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *