मथुरा के बरसाना में राधा रानी मंदिर जाने के लिए बने रोप वे की ट्रॉलियां अचानक हवा में रुक गयीं। ट्रॉलियों में बैठे लोग उसमें फंस गए। करीब 100 मीटर ऊंचाई पर फंसे लोगों की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई और उसने बिना देर किये बचाव के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया। टीम ने बचाव दल के सामंजस्य की बजह से सभी फंसे लोगों को सकुशल निकाल लिया। यह प्रक्रिया आपात स्थिति में कैसे निपटा जायेगा इसके लिए किये गए मॉक ड्रिल के दौरान की गयी। बरसाना में किया गया मॉक ड्रिल मथुरा के बरसाना स्थित बद्री बाबा गौशाला, राधा बाग में जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में NDRF एवं SDRF के साथ एक बड़े संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस पूरे कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा द्वारा की गई। ADM के निर्देशन में आपदा प्रबंधन की बारीकियों को गहराई से परखा गया। टीम समन्वय से सफल रहा मोचक ड्रिल कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा तैयार करने और इसके सफल क्रियान्वयन में जिला आपदा विशेषज्ञ पूजा राणा की एक संगठनकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूजा राणा के मार्गदर्शन और प्रबंधन में ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतरीन तालमेल और ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। जिसमें नायब तहसीलदार सी.पी. सिंह भी मौजूद रहे। इस मॉक ड्रिल में NDRF के कमांडेंट अनिल कुमार और SDRF से कार्तिकेय मिश्रा के नेतृत्व में बचाव दलों ने अपने अदम्य साहस और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। अभ्यास के दौरान राज्य आपदा मोचक बल की टीम और अग्निशमन विभाग से आलोक कुमार ने मिलकर ‘केबल कार इमरजेंसी’ जैसे कठिन बचाव कार्यों को बखूबी अंजाम दिया। NDRF और SDRF की टीम रहीं मौजूद अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित टेबल टॉप बैठक के दौरान, पूजा राणा के समन्वय से सभी हितधारकों के बीच इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आई.आर.एस.) प्रणाली के अनुसार सटीक तालमेल बिठाया गया। नागरिक सुरक्षा विभाग मथुरा की ओर से NDRF नागपुर एवं SDRF लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके आपदा मित्र, पोस्ट वार्डन एवं मास्टर ट्रेनर अशोक यादव ने अपनी टीम के साथ इस ड्रिल में भूमिका निभाई। अशोक यादव के नेतृत्व में आपदा मित्रों ने राष्ट्रीय आपदा मोचक बल, राज्य आपदा मोचक बल और चिकित्सा टीम के साथ बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन और चिकित्सा टीम के सक्रिय सहयोग से स्थानीय स्तर पर त्वरित सहायता पहुँचाने के विशेष कौशल को प्रदर्शित किया गया। यह रहे मौजूद इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गोवर्धन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य अधिकारी व संसाधन समय पर उपस्थित रहे। डेढ़ घंटे तक चले मॉक ड्रिल के दौरान एडीसी नीरज श्रीवास्तव, सेक्टर वार्डन राम सैनी, गुलशेर, SHO बरसाना, आपदा मित्र खुशबू चौधरी, लावली, मीनू, काजल, हर्षिता, तानिया, पंकज, जयवीर, कौशिक, ताहिर, शुभम कुमार आदि सभी शामिल रहे। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, परिवहन विभाग, जल निगम और रेड क्रॉस सोसाइटी जैसे सभी संबंधित विभागों ने पूर्ण सद्भावना के साथ अपना सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply