कलक्टरगंज में कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक सवार किशोर से 45 हजार रुपए लूट लिए। किशोर ने घर पहुंच कर मामले की जानकारी परिजन को दी, जिसके बाद परिजन ने कलक्टरगंज पुलिस को लूट की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। दुकान से 45 हजार लेकर घर जा रहा था सुतरखाना निवासी मो. इकबाल की जरीब चौकी पर जूस की दुकान है। उनकी तबियत खराब होने के कारण 15 वर्षीय बेटा रेहान कर्मचारियों के साथ दुकान की देखरेख करता था। रेहान के मौसी के बेटे बबलू ने बताया कि शनिवार रात वह दुकान से 45 हजार रुपए लेकर बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में सीपीसी माल गोदाम गेट नंबर 4 के पास उनकी बाइक के आगे बिना नंबर की ओमनी कार आकर रूकी, जब तक वह कुछ समझ पाता कार से उतरे नकाबपोश 6 लोग उसे गली की तरफ ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे तमंचा दिखाकर 45 हजार रुपए लूट लिए। घटना को अंजाम देकर आरोपी घंटाघर की ओर भाग निकले। घटना के बाद उसने घर पहुंचकर मामले की जानकारी परिजन को दी। कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे जा रहे है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

Leave a Reply