DniNews.Live

संभल में वाहन ने बाइक को टक्कर मारी:युवक की मौत, ओवरटेक करते समय हुआ हादसा; बहन के घर जा रहा था

संभल में एक सड़क हादसे में बहन के घर जा रहे युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करते समय उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद युवक को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे संभल कोतवाली क्षेत्र के बहजोई रोड स्थित मोहल्ला लाड़म सराय के पास हुआ। तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बहजोई थाना क्षेत्र के परतापुर गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र नेम सिंह के रूप में हुई है। सुरेंद्र अपनी बहन के घर अमरोहा के आदमपुर गांव जा रहा था।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक का सिर कुचल गया। सभासद पति प्रमोद सैनी ने बताया कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद स्थानीय लोगों ने एक पिकअप वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चौधरी सराय पुलिस चौकी प्रभारी आशीष तोमर ने बताया कि सुरेंद्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *