अमेठी में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति विभाग और पुलिस की टीम ने भरेथा गांव में छापा मारकर 1300 लीटर डीजल बरामद किया है। यह डीजल एक ट्रॉली में बड़े डिब्बों और पानी की टंकी में छिपाकर रखा गया था। यह पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के पूरे गणेश भरेथा गांव का है। अमेठी एसडीएम को गांव के एक घर में डीजल के अवैध भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद एसडीएम ने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक शुभम और कोतवाली के उप निरीक्षक सस्त्राजीत प्रसाद के साथ पुलिस टीम को मौके पर भेजा। तलाशी के दौरान टीम को गांव निवासी दयाराम पुत्र जगन्नाथ के घर के पीछे खड़ी एक ट्रॉली में बड़े डिब्बों और पानी की टंकी में छिपाकर रखी गई 1300 लीटर डीजल मिली। टीम ने डीजल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। भंडारण करने वाले व्यक्ति के खिलाफ अमेठी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। टीम ने कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए डीजल को पास के ही एक पेट्रोल पंप पर सुरक्षित रखवा दिया है। अमेठी एसएचओ रवि सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply