हरदोई में भीषण ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह आर्द्रता 97 प्रतिशत रही। दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सीमित हो गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा है। शीतलहर और भीषण ठंड के मद्देनजर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि जनपद में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में 20 दिसंबर को अवकाश रहेगा। 21 को रविवार है। हालांकि, शिक्षकों को विद्यालय आकर शासकीय एवं शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि ठंड को देखते हुए सभी नगर निकायों में रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था सक्रिय रूप से संचालित की जा रही है। नगर पालिका, जिला प्रशासन और विकास विभाग के अधिकारी प्रतिदिन शाम को रैन बसेरों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही, जरूरतमंदों को कंबल वितरण का कार्य भी लगातार जारी है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि शीतलहर के दौरान कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। रैन बसेरों में ठहरने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं, जहां हीटर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। यदि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को कंबल की आवश्यकता हो, तो वह तहसील, कलेक्ट्रेट या संबंधित ब्लॉक कार्यालय से संपर्क कर सकता है। मांग प्राप्त होते ही सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में अवकाश का निर्णय लिया गया है। ठंड का असर कम होने तक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
https://ift.tt/IxmrepE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply