बस्ती में भाजपा के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी पर सोशल मीडिया टिप्पणी के मामले में सरदार सेना के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी बृजेश पटेल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को सरदार सेना और सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली का घेराव किया। प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने चौधरी बृजेश पटेल द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के संबंध में भाजपा नेताओं की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। इसी आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया। सरदार सेना के पदाधिकारियों और समर्थकों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वे तत्काल कोतवाली पहुंचे और गिरफ्तारी को अन्यायपूर्ण बताते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में शामिल अपनी जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अभिषेक मौर्य ने कहा कि प्रशासन चौधरी बृजेश पटेल के साथ अन्याय कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताया। सरदार सेना के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभाकर वर्मा ने आरोप लगाया कि यह सत्ता का दमन है, जहां सत्ता पक्ष के लोगों पर सोशल मीडिया टिप्पणी के लिए कार्रवाई नहीं होती, जबकि विपक्ष पर सवाल उठाने पर गिरफ्तारी कर दी जाती है। सुभासपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी ने गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन संविधान की भावना के अनुरूप कार्य नहीं कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने बृजेश पटेल को सुबह 11 बजे से हिरासत में ले रखा है।
https://ift.tt/2HrhQ5D
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply