जालौन के जिला मुख्यालय उरई में स्थित जिला न्यायालय परिसर के बाहर शनिवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में आसपास का इलाका धुएं से भर गया और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के कारण ट्रांसफार्मर से जुड़े कई विद्युत केबिल जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कटने से न्यायालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। वहीं, विद्युत विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त केबिलों को ठीक करने में जुट गई है, ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।

Leave a Reply