झांसी रेंज के आईजी आकाश कुलहरि दो दिवसीय दौरे पर जालौन पहुंचे। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने उरई कोतवाली का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोतवाली परिसर में अव्यवस्थाएं पाए जाने पर आईजी का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयोजित जनता दरबार में एक महिला फरियादी ने कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह पर वॉट्सऐप के माध्यम से अश्लील संदेश भेजने का गंभीर आरोप लगाया। महिला ने आईजी को इस संबंध में साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने दरोगा नरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आईजी आकाश कुलहरि ने निरीक्षण के दौरान यह भी पाया कि ट्रांसफर होने के बावजूद 3 पुलिसकर्मी सरकारी आवासों पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए हैं। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए आईजी ने तीनों पुलिसकर्मियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी को तत्काल सरकारी आवास खाली करना होगा। निरीक्षण के दौरान परेड के समय एक दरोगा द्वारा गलत तरीके से सलामी देने का मामला भी सामने आया। इस पर आईजी ने परेड रुकवाकर स्वयं दरोगा को सही ढंग से सलामी देने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने हाथ की स्थिति, शरीर की मुद्रा और अनुशासन के महत्व को समझाया। इस दौरान का वीडियो सामने आया है। इसके बाद आईजी ने उरई कोतवाली परिसर में जनता दरबार आयोजित कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरियादियों से संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। साथ ही शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आईजी आकाश कुलहरि ने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता को सुरक्षा और न्याय दिलाना है। कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आईजी के इस सख्त निरीक्षण और त्वरित कार्रवाइयों से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
https://ift.tt/wFjk6vP
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply