कानपुर की सीसामऊ विधानसभा में होली और ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवपाल यादव और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय शामिल हुए। कार्यक्रम में सपा विधायक रागिनी सोनकर भी मौजूद रहीं।
होली और ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन सपा विधायक नसीम सोलंकी ने कराया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए एकता और भाईचारे का संदेश देने का काम किया गया है। इस दौरान नसीम सोलंकी मंच पर भावुक हो गईं और उनके आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव के वे दिन याद आ गए, जब यही लोग इसी मंच पर साथ मौजूद थे, इसलिए वह भावुक हो गईं। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने शायरी सुनाते हुए कहा “जो जुल्म हो रहा था, न यह सुबह आखिरी है, न यह शाम आखिरी है, जहां जुल्म की कसरत हो, वो निजाम आखिरी है।
मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और पीडीए के लोग एकजुट हैं और पीडीए के गठन से भारतीय जनता पार्टी घबराई हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में पीडीए की ही सरकार बनेगी।
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने केवल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को लूटने का काम किया है और जनता से सिर्फ झूठे वादे किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने सपा पर प्रदेश को एटीएम कार्ड की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था, शिवपाल यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ही जनता को लूटने का काम किया है, जिससे लोग परेशान हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा बुरी तरह घबराई हुई है और यह कुछ गिने-चुने पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि आम जनता से सिर्फ वादे किए जा रहे हैं। आजम खान के पोस्टरों में फोटो नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आजम खान पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और दो बार सांसद रह चुके हैं, वह बड़े नेता हैं और रहेंगे। साथ ही उन्होंने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है तो लोग लाइनों में क्यों लगे हैं, और प्रदेश में अब सिर्फ आउटसोर्सिंग की नौकरियां ही बची हैं।

Leave a Reply