DniNews.Live

बरेली में 5 साल के मासूम की निर्मम हत्या:तंत्र-मंत्र के चक्कर में बलि की आशंका, घर के बाहर खेलते समय हुआ था अपहरण

बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के कंधरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 5 साल के मासूम की कथित तौर पर बलि दे दी गई। मासूम के पिता का आरोप है कि उनका बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी उसका अपहरण कर लिया गया और अब उसका शव तालाब में मिला है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिसंबर से लापता था मासूम
गांव कंधरपुर निवासी भरत सिंह ने बताया कि उनका 5 साल का बेटा 28 दिसंबर 2025 से लापता था। वह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा- गांव के घरों, खेतों और जंगलों की खाक छानी। यहां तक कि तालाब को भी कई बार साफ करवाकर चेक किया गया था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी, लेकिन तब कोई सुराग नहीं मिला। ज्योतिषियों के चक्कर काटे, अंत में मिला शव
भरत सिंह के मुताबिक, उन्होंने अपने बेटे को रिश्तेदारों के यहाँ भी ढूंढा और ज्योतिषियों व मंदिरों के चक्कर भी काटे, लेकिन कहीं से कोई उम्मीद नहीं जगी। आज अचानक बेटे का शव तालाब में तैरता मिला। शव की स्थिति देखकर पिता ने अंदेशा जताया है कि उसकी हत्या 3-4 दिन पहले ही की गई होगी। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। तंत्र-मंत्र और बलि का संदेह
मृतक के पिता और बाबा का कहना है कि यह मामला तंत्र-मंत्र और बलि से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही वे इतने अमीर हैं कि कोई पैसों के लिए फिरौती मांगे। पिछले पांच महीनों में किसी ने पैसों की डिमांड भी नहीं की। ऐसे में उन्हें शक है कि बच्चे की बलि दी गई है। शव मिलने से पहले तक उन्हें उसके सलामत होने की उम्मीद थी, जो अब टूट चुकी है। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
भरत के अब दो बच्चे बचे हैं- 16 साल का बेटा विशाल और 5 साल की बेटी गुड़िया। इस हादसे के बाद भरत की पत्नी नैना देवी की हालत बेहद खराब है। वह बार-बार बेसुध हो रही हैं। मासूम की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सीओ आंवला, नितिन कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर से लापता बच्चे का शव आज गांव के ही तालाब में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *