गोरखपुर में ठंड ने इस बार सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सुबह से ही पूरा शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। हालात ऐसे रहे कि सड़कों, फ्लाईओवर और प्रमुख चौराहों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते दिखे। कोहरे के साथ चल रही सर्द हवा ने गलन को और तेज कर दिया। खुले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज धूप निकलने की संभावना लगभग नहीं के बराबर है। दिन भर शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, शाम होते-होते ठंड और ज्यादा चुभने वाली हो जाएगी। 14 साल का टूटा रिकॉर्ड मौसम विभाग के आकलन के अनुसार गुरुवार का दिन सीवियर कोल्ड डे की श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय ने बताया कि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 14 सालों में सबसे कम है। इससे पहले वर्ष 2011 में इतना कम तापमान दर्ज किया गया था। दिन का तापमान सामान्य से करीब 5 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जिससे पूरे दिन ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा। तापमान में और गिरावट के साथ-साथ घना कोहरा लगातार छाया रह सकता है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता और कम होने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है। शहर की रफ्तार पड़ी धीमी अचानक बदले मौसम का असर रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह टहलने वाले लोग देर से घरों से निकल रहे हैं। सुबह के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल देखने को मिल रही है। लोग अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचते नजर आए। वन्यजीवों पर भी दिखा ठंड का असर कड़ाके की ठंड का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं रहा। रामगढ़ताल में रहने वाली अमेरिकी प्रजाति की बतखें ठंडे पानी से बाहर निकलकर सड़क पर बैठी हुई दिखाई दीं। आमतौर पर पानी में रहने वाली ये बतखें जब पानी अत्यधिक ठंडा हो जाता है तो अपेक्षाकृत गर्म जगह की तलाश में बाहर आ जाती हैं। यह दृश्य ठंड की तीव्रता को खुद-ब-खुद बयां कर रहा है। ठंड को देखते हुए सतर्कता जरूरी लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के स्कूलों के समय में बदलाव किया है, ताकि छोटे बच्चों को सर्दी से होने वाली परेशानी से बचाया जा सके। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में खास सावधानी जरूरी है। सुबह और रात के समय बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें। गर्म कपड़े पहनें और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
https://ift.tt/tYybmVG
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply