आगरा में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन “आहट” के दौरान ट्रेन में ले जाए जा रहे 6 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आगरा किला पोस्ट की आरपीएफ टीम ने 27 मार्च 2026 को टूंडला-आगरा किला सेक्शन पर गाड़ी संख्या 15269 (साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस) में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सामान्य कोच में छह नाबालिग बच्चे दो अलग-अलग समूहों में संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें मजदूरी के बहाने गुजरात ले जाया जा रहा था और इसके बदले 500 से 700 रुपये, टिकट और खाने-पीने का खर्च देने का लालच दिया गया था। बच्चों के बताए अनुसार उसी कोच से दो संदिग्ध व्यक्तियों चूमन कुमार और कमलेश्वर यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बच्चों को पैसे का लालच देकर गुजरात ले जाकर मजदूरी कराने की बात स्वीकार की। ट्रेन के आगरा किला स्टेशन पहुंचने पर शाम करीब 5:15 बजे दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना, आगरा के सुपुर्द कर दिया। जहां उनके खिलाफ मुकदमा संख्या 0001/2026 के तहत धारा 143(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बरामद किए गए सभी छह नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रखते हुए चाइल्ड लाइन, आगरा की निगरानी में सौंपा गया है। उन्हें आगे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को आरपीएफ आगरा किला के एएसआई जे.पी. यादव, कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार गौतम और बीबीए/यूपी के सहायक परियोजना अधिकारी ललित यादव ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।

Leave a Reply