मैनपुरी में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से एक अहम पहल की गई है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने फतेहजंगपुर स्थित शंकर जी महाराज मंदिर परिसर में पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। जिन पांच मंदिरों के विकास कार्य शुरू किए गए हैं, उनमें शंकर जी महाराज मंदिर फतेहजंगपुर, श्री हनुमान जी मंदिर जखौआ, श्री नैनसुख महाराज मंदिर चदरपुर सिढ़पुरा, बजरंगबली हनुमान मंदिर खिरनाखुर्द और ब्रह्मदेव महाराज मंदिर ढिबईया शामिल हैं। इन कार्यों से श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा और इन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। मंत्री जयवीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग प्रदेश के कई प्रमुख स्थलों को नई पहचान दिलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन सरकार की स्पष्ट नीतियों और जनता के विश्वास का परिणाम है। जनपद में विकास कार्यों का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव न हो। मंत्री ने जानकारी दी कि केवल पर्यटन विभाग के माध्यम से ही मैनपुरी में लगभग 200 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत होकर धरातल पर उतर रही हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और नियमित निगरानी रखी जाए। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। साथ ही जनप्रतिनिधियों और आम जनता से भी विकास कार्यों पर नजर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन म्यूजियम में मैनपुरी के ऋषि-मुनियों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। “टेम्पल इकोनॉमी” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश के लिए सुरक्षित और आकर्षक राज्य बन चुका है।

Leave a Reply