कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र में फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के सिरसा निवासी ट्रक चालक राम ऋषि 26 मार्च को चारा काटने वाली मशीन लेकर नेपाल जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर उनसे फोन पर संपर्क किया और माल को फर्जी बताते हुए कागजात दिखाने को कहा। इसके बाद, एनएच-28 पर फाजिलनगर के पास उनका ट्रक जबरन रुकवाया गया और उनसे 1.80 लाख रुपये की मांग की गई। पीड़ित ट्रक चालक की शिकायत के आधार पर पटहेरवा थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए गोविंद शर्मा तथा संदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक कार और कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह एक संगठित गिरोह है, जो मुख्य रूप से एनएच-28 पर बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रकों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य ट्रकों पर लिखे मोबाइल नंबरों से संपर्क करते थे, खुद को जीएसटी अधिकारी बताते थे और कागजात जांचने के बहाने अवैध वसूली करते थे। विरोध करने पर वे चालकों को डरा-धमकाकर पैसे ऐंठते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply