फतेहपुर में 2032 जगह होगी दुर्गा पूजा:कानपुर-प्रयागराज के कारीगर दे रहे पंडालों को कलकतिया लुक, मूर्तियों की उठान शुरू
फतेहपुर में शारदीय नवरात्र की तैयारियां जोरों पर हैं। जिले में 2032 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाए जा रहे हैं। पंडालों को कलकतिया लुक देने के लिए कानपुर, प्रयागराज और लखनऊ से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। कारीगर पंडालों की सजावट में कपड़े, रुई और पतंगी कागज का इस्तेमाल कर रहे हैं। लकड़ी के सजावटी स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं। पंडालों को रंगीन रोशनी और झालरों से सजाया जाएगा। बाजारों में चुनरी और पूजा सामग्री की दुकानें सज गई हैं। मूर्तिकार मूर्तियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। मूर्तियों की उठान आज से शुरू होगी। कल सुबह तक सभी पंडालों में मूर्तियां स्थापित कर दी जाएंगी। बकंधा, सनगांव, बिलंदा, शादीपुर, रेलवे स्टेशन, पटेल नगर समेत शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर दुर्गा पूजा होगी। गांवों में भी पूजा का आयोजन किया जाएगा। जवाबी कीर्तन, रतजगे और भंडारे का आयोजन होगा। आस-पास के जिलों से कीर्तनकार आएंगे। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने सिर्फ पारंपरिक पूजाओं की अनुमति दी है। एसडीएम और सीओ को दुर्गा पंडाल कमेटी के सदस्यों से समन्वय कर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया गया है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply