हरदोई-लखनऊ मार्ग की हालत खराब:सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, स्थानीय लोग परेशान; वीआईपी मूवमेंट के बावजूद मरम्मत नहीं

हरदोई को राजधानी लखनऊ से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क के किनारे नाला न होने से बरसात का पानी सीधे सड़क पर जमा हो जाता है। गड्ढों में पानी भरने से कीचड़ फैल जाता है। इस कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार ऑटो और बाइक पलटने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। हरदोई जनपद में आठ विधानसभा और दो लोकसभा सीटें हैं। सभी सीटों पर भाजपा का प्रतिनिधित्व है। जिला पंचायत और नगर पालिका अध्यक्ष भी भाजपा से हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री का गृह जनपद भी हरदोई है। इस मार्ग से वीआईपी मूवमेंट भी होता है। फिर भी सड़क की मरम्मत नहीं हो रही है। स्थानीय ऑटो चालकों ने बताया कि वे दुर्घटना के डर से इस मार्ग का उपयोग बंद कर चुके हैं। मजबूरी में ही कभी-कभार इस रास्ते से जाना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे रोज होने वाली दुर्घटनाओं से राहत मिलेगी।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर