अंबेडकरनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कथित ‘दुर्भावनापूर्ण’ कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से भाजपा कार्यालय की ओर पैदल मार्च निकाला, जिसे पुलिस ने पटेल तिराहा पर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार पिछले एक दशक से मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और उसके नेताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से गैरकानूनी कार्रवाई कर रही है। यादव ने बताया कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ यंग इंडियन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण थी। अदालत ने अपने फैसले में ईडी की इस कार्रवाई को अवैध और दुर्भावनापूर्ण पाया है। न्यायालय ने कहा कि ईडी का मामला उसके क्षेत्राधिकार से बाहर था। साथ ही अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि इसमें मनी लॉन्ड्रिंग का कोई मामला नहीं बनता, अपराध की कोई आय नहीं है और संपत्ति का कोई हस्तांतरण नहीं हुआ है। जिलाध्यक्ष यादव के अनुसार ये सभी आरोप निराधार थे और निम्नस्तरीय राजनीतिक द्वेष तथा सम्मान पर हमला करने की भावना से प्रेरित थे। न्यायालय के इस आदेश से सरकार के इरादे पूरे देश के सामने बेनकाब हो गए हैं।
https://ift.tt/5WBr2AX
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply