कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुशीनगर जिला मुख्यालय पर भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कथित दुरुपयोग के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही रोक दिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू और जिलाध्यक्ष रविंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में यह मार्च निकाला गया। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा, गुड्डू अंसारी, सरोज गौतम, स्वामीनाथ, अजहरुद्दीन और महिला प्रकोष्ठ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विंदा प्रजापति सहित कई कांग्रेसी नेता शामिल थे। कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट से पैदल मार्च करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। रविंद्रनगर थाने की पुलिस टीम ने भाजपा कार्यालय से पहले मुख्य मार्ग पर ही प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इसके बाद सभी कांग्रेसी नेता सड़क पर ही बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ आधे घंटे तक नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने ईडी का गलत इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा करके कांग्रेस नेताओं की छवि धूमिल कर उन्हें अपमानित कर रही है। लल्लू ने सरकार और भाजपा नेताओं से कांग्रेस नेताओं की छवि धूमिल करने के मामले में माफी मांगने की मांग की। दरअसल, दिल्ली की एक अदालत ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे अपनी जीत बताया। आधे घंटे के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सभी कांग्रेस नेताओं को रविंद्रनगर थाने ले गई। थाने में भी कांग्रेसियों ने नारे लगाए, जिसके कुछ देर बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
https://ift.tt/c89DjfL
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply