मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शनिवार को अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जानसठ रोड पर जोन-2 क्षेत्र में दो स्थानों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 11,500 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण और कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, जानसठ रोड स्थित शेरनगर क्षेत्र में मुकम्मिल नामक व्यक्ति ने लगभग 2500 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध निर्माण किया था। इसी तरह, न्यू मंडी क्षेत्र में मेट्रो कुर्सी गोदाम के पास जानसठ रोड पर रघुराज लाला द्वारा करीब 9000 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। एमडीए अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही मामलों में पहले नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी दिए गए थे, लेकिन संबंधित भू-स्वामियों ने अवैध निर्माण नहीं हटाए। इसके बाद ही यह कार्रवाई अमल में लाई गई। शनिवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित पूरी टीम और संबंधित थाने का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। यह सुनिश्चित किया गया कि ध्वस्तीकरण कार्य शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply