DniNews.Live

बलिया में दो हत्यारोपी गिरफ्तार:पुराने झगड़े में हुई हत्या, पुलिस ने चाकू बरामद किया

बलिया की भीमपुरा पुलिस ने एक हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। यह हत्या पुराने झगड़े के चलते की गई थी। वादी ने भीमपुरा थाने में तहरीर दी थी कि उनके पिता, जो बेल्थरा रोड पर एक मोबिल एजेंसी में काम करते थे, 20 मार्च की शाम को घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की और वापस आते समय सरया गांव में उनका शव मिला। इस संबंध में थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 45/26 धारा 103-1बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। विवेचना के दौरान दो अभियुक्तों के नाम सामने आए। शनिवार को थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पाण्डेय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर नीरज यादव पुत्र प्रभु यादव और मुकेश यादव उर्फ जज पुत्र भोला यादव, निवासीगण तेंदुआ पाही, थाना उभांव, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी और नीरज यादव की लड़ाई बंधु यादव पुत्र रामाशंकर यादव निवासी गोविंदपुर दुगौली, थाना भीमपुरा से हुई थी। बंधु यादव ने अपने परिवार के साथ मिलकर उन्हें पीटा था, जिससे उन्हें बहुत बेइज्जती महसूस हुई थी। वे इसका बदला लेना चाहते थे। अभियुक्तों ने बताया कि वे कई दिनों से बंधु यादव की रेकी कर रहे थे कि वह कितने बजे ड्यूटी से लौटते हैं। 20 मार्च की रात करीब 10 बजे, वे दोनों बंधु यादव के घर जाने वाले रास्ते पर उनके आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही बंधु यादव रास्ते में दिखाई दिए, उन्होंने उन्हें रोककर चाकू से मार दिया और खेत के रास्ते भाग गए ताकि कोई उन्हें देख न सके। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश कर दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *