DniNews.Live

गोरखपुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:पनियरा में परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप लगाया, जांच जारी

गोरखपुर के धर्मशाला इलाके में शुक्रवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव पोखरे के पास पेड़ से लटका मिला था । मृतक की पहचान पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेनीगंज निवासी अखिलेश सिंह पुत्र अयोध्या सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, अखिलेश दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई अभिषेक सिंह (25) अविवाहित है। अखिलेश पेशे से इलेक्ट्रीशियन था और सिनेमा हॉल में लाइट लगाने का काम करता था। उसकी बहन सुलेखा सिंह ने बताया कि अखिलेश 24 मार्च की रात उनके घर चारगांवा के कमला नगर आया था। 25 मार्च को वह घर पर ही रहा। 26 मार्च की रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद वह टहलने के लिए निकला, लेकिन अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था। आधे घंटे तक वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। बहन सुलेखा और जीजा राजन (पासपोर्ट ऑफिस कर्मचारी) ने रात में ही उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 27 मार्च को पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे पुलिस ने परिजनों को एक युवक का शव मिलने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान अखिलेश के रूप में की। मृतक की बहनों सुलेखा, कुमकुम सिंह, श्वेता सिंह और पिता अयोध्या सिंह ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है। उन्होंने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *