जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवेरिया गांव के पास बुधवार सुबह छड़ लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की पहचान बानपुर निवासी विनोद मांझी, पिता रामदेव मांझी के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल जमुई ले जाया गया। चालक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। ट्रैक्टर के उपचालक सूरज ने बताया कि ट्रैक्टर बानपुर से गरही की ओर छड़ लेकर जा रहा था। धनवेरिया के पास अचानक ट्रैक्टर का हैंडल ढीला हो गया। ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह पलट गया। उपचालक सूरज, जो घायल विनोद मांझी का भाई भी है, ने बताया कि ट्रैक्टर पलटते ही उसने कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, उसका भाई विनोद ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया। करीब दस मिनट तक विनोद ट्रैक्टर के नीचे फंसा रहा। आसपास मौजूद ग्रामीणों की सहायता से ट्रैक्टर को हटाया गया और गंभीर रूप से घायल विनोद को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना खैरा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
https://ift.tt/Gbl1cLV
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply