सुल्तानपुर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई, हालांकि सुबह 8 बजे के बाद कोहरा छटना शुरू हुआ। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 338 दर्ज किया गया, जिसे ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा गया है। घने कोहरे और ठंड के कारण सरकारी तथा गैर-सरकारी स्कूलों के बच्चों को ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से अभी तक शहर में अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को निजी तौर पर अलाव जलाकर ठंड से राहत पानी पड़ी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 दिसंबर 2025, बुधवार को सुल्तानपुर में मौसम साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिन के अलग-अलग समय में तापमान और हवा की स्थिति में परिवर्तन देखा जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस अवधि में मौसम साफ रहेगा और पश्चिमी हवाएं 7-11 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलेंगी। दोपहर 12:01 बजे से शाम 6 बजे तक तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और पश्चिमोत्तर हवाएं 7-11 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलेंगी, जिनमें 14 किलोमीटर प्रति घंटा तक के झोंके भी शामिल हो सकते हैं। शाम 6 बजे से मध्यरात्रि तक तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस अवधि में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और पश्चिमोत्तर दिशा से 4-7 किलोमीटर प्रति घंटा की हल्की हवाएं चलेंगी। खराब वायु गुणवत्ता के स्वास्थ्य प्रभावों को संवेदनशील समूहों द्वारा तुरंत महसूस किया जा सकता है। स्वस्थ व्यक्तियों को भी लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से सांस लेने में कठिनाई और गले में खराबी का अनुभव हो सकता है। इसे देखते हुए, बाहरी गतिविधियों को सीमित करने की सलाह दी गई है।
https://ift.tt/A1vUuJX
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply