DniNews.Live

लापता मासूम का शव तालाब में मिला:परिजनों ने दंपत्ति पर हत्या का आरोप लगाया

जालौन के एट कस्बे में लापता 7 वर्षीय बच्चे सूर्यांश का शव तालाब में मिला है। परिजनों ने एक अज्ञात बाइक सवार दंपत्ति पर बच्चे को टक्कर मारकर इलाज के बहाने ले जाने और फिर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जनता इंटर कॉलेज के सामने रहने वाली शकुंतला अपनी मां श्याम दुलारी, बेटे सूर्यांश और ढाई वर्षीय बेटी राधा के साथ रहती हैं। उनके पति वीरेंद्र कुमार बाहर पानी पुरी का काम करते हैं, जबकि परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है। शुक्रवार को शकुंतला शारदा धाम बैरागढ़ दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सूर्यांश ने पास में चल रही भागवत कथा में भंडारा खाने की इच्छा जताई। मां ने उसे कुछ पैसे देकर भंडारे में भेज दिया और खुद चली गईं। मां शकुंतला के अनुसार, सुबह करीब 11:20 बजे कोंच की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार दंपत्ति ने सूर्यांश को टक्कर मार दी। बच्चे की गंभीर हालत देखकर दंपत्ति उसे इलाज के बहाने बाइक पर बैठाकर ले गए। बाद में बच्चे का शव पावर ग्रिड के सामने खेत में बने तालाब में मिला।

सूर्यांश के लापता होने पर नानी श्याम दुलारी और मां शकुंतला ने कई अस्पतालों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी पंकज पांडे, एडिशनल एसपी प्रदीप कुमार वर्मा और कोटरा एसएचओ विमलेश कुमार ने टीम के साथ खोजबीन शुरू की। शनिवार सुबह राहगीरों ने तालाब में एक शव पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान सूर्यांश के रूप में हुई। एडिशनल एसपी प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *