मथुरा में आवारा कुत्तों का आतंक:24 घंटे में 3 बच्चों पर हमला, सभी अस्पताल में भर्ती; लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की

मथुरा में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। प्रशासन और नगर निगम के लाख दावों और कागजी अभियानों के बावजूद हर दिन कहीं न कहीं कुत्तों के हमले की खबरें आती रहती हैं। ताजा घटनाओं में शेरगढ़, हाईवे और बुद्ध विहार क्षेत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 24 घंटे के भीतर तीन मासूम बच्चे आवारा कुत्तों के शिकार बन गए। शेरगढ़ में 2 साल की बच्ची पर हमला
पहली घटना थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव बसई खुर्द की है। 2 वर्षीय रुचिका पुत्री सत्यवीर घर के बाहर खेल रही थी। अचानक आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े और किसी तरह उसे बचाया। हालांकि, तब तक रुचिका बुरी तरह जख्मी हो चुकी थी। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। हाईवे क्षेत्र में 10 साल के बच्चे पर हमला
दूसरी घटना थाना हाईवे क्षेत्र के पुष्पांजलि कॉलोनी की है। यहां 10 वर्षीय सिद्दीक पुत्र श्रीलंक गली में खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। बच्चा घायल हो गया। दोनों ही मासूमों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उन्हें एंटी रेबीज के इंजेक्शन भी दिए गए। बुद्ध विहार में मासूम बालिका पर कुत्तों का हमला
तीसरी घटना चंदन-1 फेस-2, बुद्ध विहार की है। यहां घर के बाहर खेल रही एक मासूम बालिका पर कुत्तों के झुंड ने धावा बोल दिया। बालिका का एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। ग्रामीण और परिजनों की नाराजगी
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि नगर निगम केवल कागजों पर अभियान चला रहा है। कुत्तों को पकड़कर कुछ समय बाद छोड़ दिया जाता है। इससे उनका आतंक कम होने के बजाय और बढ़ रहा है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो और मासूम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। लगातार बढ़ते मामलों से चिंता
लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों के मन में डर बैठा दिया है। सवाल उठता है कि आखिर कब तक मासूम बच्चे इन आवारा कुत्तों और बंदरों के आतंक का शिकार होते रहेंगे। स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल समाधान की उम्मीद कर रहे हैं और कार्रवाई की लगातार मांग कर रहे हैं।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर