DniNews.Live

ग्वालियर में 5 मौतों से पहले के आखिरी VIDEO:हादसे के समय नाती को कलेजे से चिपकाकर बचाया, चंद सेकेंड में उजड़ा हंसता-खेलता परिवार

ग्वालियर में शुक्रवार तड़के 3 बजे माता के गीत गाते हुए जा रहे एक परिवार के ऑटो को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो आगे पेड़ से जा टकराया। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो सवार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। हादसे से कुछ घंटे पहले के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें परिवार के सदस्य खुश नजर आ रहे हैं। गुरुवार को मृतक शुभम-शगुन के बेटे आरव का जन्मदिन था। बर्थडे सेलिब्रेशन और मंदिर में दर्शन के बाद के कुछ वीडियो सामने आए हैं। नाती के जन्मदिन में शामिल होने के लिए मेरठ से आरव की नानी प्रीति कश्यप भी आई थीं। वह जन्मदिन के मौके पर खुशी से झूमती नजर आईं। हादसे के समय आरव अपनी नानी की गोद में था। घटना में नानी ने नाती को अपनी गोद में छिपाकर बचा लिया, लेकिन खुद हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह गईं। आरव का जन्मदिन मनाने के बाद दर्शन करने गए थे शुभम शाक्य के बेटे आरव का गुरुवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के बाद घर में चर्चा हुई कि सास प्रीति कश्यप दो-तीन दिन पहले मेरठ से आई हैं, इसलिए शीतला माता के दर्शन करने चलें। अष्टमी का पर्व होने के कारण तुरंत तैयारी कर ली गई। दर्शन के लिए जाने की बात पर शुभम के ताऊ इंद्रजीत उर्फ पप्पू और ताई लीला शाक्य भी साथ चलने को तैयार हो गए। ठाटीपुर सरकारी मल्टी में रहने वाले ऑटो चालक राजेश कुमार से बात की गई तो उसने भी जाने के लिए हामी भर दी। दोपहर में शुभम, उनकी पत्नी शगुन, सास प्रीति कश्यप, ताऊ इंद्रजीत, ताई लीला और बच्चे प्रीति व प्रियांश के साथ ऑटो से दर्शन के लिए निकले। सबसे पहले ग्वालियर स्थित कैला देवी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वैष्णों धाम पहुंचे। रात को जन्मदिन मनाने के बाद करीब 10 बजे सभी लोग शीतला माता मंदिर के लिए निकले। वहां दर्शन करने के बाद वापस लौटते समय ठाटीपुर में परशुराम चौराहे के पास हादसे का शिकार हो गए। हादसे में शुभम, उनकी पत्नी शगुन, ताऊ इंद्रजीत, ताई लीला और सास प्रीति कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो चालक राजेश कुमार, शुभम की बहन प्रीति, बेटे प्रियांश और आरव घायल हो गए। सभी घायलों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सिर में गंभीर चोट आने के कारण ऑटो चालक राजेश कुमार की हालत नाजुक है। हादसे से पहले परिवार की तस्वीरें एक-एक पल को रील में किया कैद मृतका शगुन को रील बनाने का काफी शौक था। वह अपने क्षेत्र में इसके लिए जानी जाती थी। दो दिन में मां के आने के बाद उसने बेटे के जन्मदिन से लेकर कैला देवी (करौली धाम) और शीतला माता मंदिर जाने-आने तक के कई रील्स बनाए थे। इन रील्स को उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड भी किया था, जिनमें पूरा परिवार खुश नजर आ रहा है। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय घर से कुछ ही दूरी पर यह खुशी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। मुरार मंडी में सब्जी की दुकान लगाते थे शुभम के भाई ने बताया- मेरी कल दिन में ही शुभम से मुलाकात हुई थी। उसने बताया था कि वह देवी दर्शन के लिए जा रहा है। रात करीब 10 बजे मैं घर आया। खाना खाकर सो गया। सुबह दरवाजा खटखटाने की आवाजें आईं। दरवाजा खोला तो सामने ठाटीपुर थाने की पुलिस थी। उन्होंने बताया कि मेरे भाई का एक्सीडेंट हो गया है। अस्पताल चलना होगा। भाई शुभम और भाभी शगुन मुरार मंडी में सब्जी की दुकान लगाते थे। देखिए हादसे के बाद की तस्वीरें घर से 500 मीटर दूर हुआ हादसा परशुराम चौराहे के पास जहां हादसा हुआ, वहां से सरकारी मल्टी (जहां शुभम और शगुन रहते थे) महज 500 मीटर दूर है। वे लगभग घर पहुंच ही गए थे। अगले चौराहे से उन्हें मुड़ना था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मौत एक चौराहा पहले ही उनका इंतजार कर रही है। घर में कंधा देने वाला भी नहीं बचा हादसे में जान गंवाने वाले इंद्रजीत शाक्य और उनकी पत्नी लाली शाक्य की भी मौत हो गई। उनका कोई बेटा नहीं है, जबकि दो बेटियां हैं। इनमें से एक बेटी प्रीति शाक्य उनके साथ थी। वह गंभीर रूप से घायल है। इंद्रजीत के छोटे भाई का बेटा शुभम और उसकी पत्नी शगुन भी इस हादसे में जान गंवा चुके हैं। शुक्रवार दोपहर स्थिति यह थी कि उनके शव को कंधा देने वाला भी घर में कोई नहीं बचा था। बाद में जयपुर से भाई और भतीजे के आने के बाद मुरार मुक्तिधाम में चार शवों का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं प्रीति कश्यप का शव उनके परिजन मेरठ ले गए। डायल 112 में तैनात सिपाही ने पकड़ा आरोपी रात ठीक 3 बजे स्टेशन पर तैनात डायल 112 के जवान बृजमोहन ने देखा कि एक स्कॉर्पियो ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी और तेज रफ्तार से आकाशवाणी की ओर भाग गई। इस पर डायल 112 की टीम ने तुरंत अपना वाहन उसके पीछे लगा दिया। टीम ने गोविंदपुरी में कार नंबर MP 21 ZE-5911 को पकड़ लिया। पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन चालक ने डायल 112 को बताया कि यह वही कार है, जिसने परशुराम चौराहे पर एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी है। कार में नमकीन पड़ा मिला। चाणक्यपुरी में रहने वाला स्कॉर्पियो का ड्राइवर अमन शर्मा काफी नशे में था। मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें पुलिस से बचकर भागी स्कॉर्पियो ने परिवार को कुचला; 5 मौतें ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार लोग घायल हैं। वहीं गंभीर हेड इंजरी की वजह से ऑटो ड्राइवर की हालत भी नाजुक है। पढ़िए पूरी खबर

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *