DniNews.Live

कौशांबी हाईवे पर डीजल टैंकर-DCM भिड़ंत, VIDEO:ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा, बाल्टी-डिब्बे लेकर दौड़े ग्रामीण, पुलिस पहुंची तो भागी भीड़

कौशांबी के NH-2 हाईवे पर शनिवार सुबह डीजल टैंकर और डीसीएम की भिड़ंत हो गई। सड़क पर फैले डीजल को भरने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर हालात ऐसे बन गए मानो कोई ‘खुला खजाना’ मिल गया हो। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर देखा जा रहा है। हादसे के बाद टैंकर से भारी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई, ग्रामीण बाल्टी, डिब्बे और केन लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते डीजल भरने की होड़ मच गई और सड़क पर भीड़ जुट गई। घटना कोखराज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर की है। देखें 3 तस्वीरें…
सुबह करीब 9 बजे हुई। NH-2 पर तेज रफ्तार डीजल टैंकर और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और टैंकर में लीकेज हो गया। मौके पर हालात ऐसे हो गए जैसे कोई मुफ्त में सामान बांटा जा रहा हो। लोग बिना किसी डर के खुलेआम डीजल भरते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग डीजल इकट्ठा करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस पहुंची तो भागी भीड़, टैंकर को हटाकर खाली कराया सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डीजल लूट रहे लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लिया और क्षतिग्रस्त टैंकर को टोचन कर पास के पेट्रोल पंप तक ले जाकर खाली कराया। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि हादसे के बाद सुरक्षा और संवेदनशीलता की जगह लोग कैसे मौके का फायदा उठाने में जुट जाते हैं। वहीं, पुलिस की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया, लेकिन वायरल वीडियो ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *