DniNews.Live

पीनना ब्रिज के नीचे सड़क बार-बार उखड़ रही:हादसों का खतरा बढ़ा, ग्रामीण NHAI से गुणवत्ता जांच की मांग पर अड़े

मुजफ्फरनगर। जनपद के बघरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पीनना में पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग 709 AD पर स्थित ब्रिज के नीचे की सड़क लगातार जर्जर हो रही है। सड़क के बार-बार उखड़ने से न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में रोष है। यह सड़क पीनना ब्रिज के ठीक नीचे बनी है और इसकी खराब गुणवत्ता एक बड़ी समस्या बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का कई बार निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन हर बार कुछ ही समय में यह फिर से टूट जाती है। इससे निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। ग्राम पीनना निवासी किसान एवं आरटीआई कार्यकर्ता सुमित मलिक ने इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को एक प्रार्थना पत्र भेजा है। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि बार-बार मरम्मत के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन वाहन फिसलने और गिरने की घटनाएं सामने आती हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। सुमित मलिक ने बताया कि उन्होंने पहले भी इस समस्या को लेकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वर्तमान में सड़क कई स्थानों से उखड़ी हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने NHAI चेयरमैन से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने सड़क का उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण कराने की अपील की है ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *