देवरिया में मंगलवार को एसेंट एकेडमी ऑफ साइंसेज में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। गोरखपुर के डीआईजी एस. चनप्पा और पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने छात्रों को सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण (मिशन शक्ति) और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। डीआईजी एस. चनप्पा ने ‘मिशन शक्ति’ के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सक्षम बनाना है। डीआईजी ने इस बात पर जोर दिया कि समाज में जागरूकता बढ़ाकर ही महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। डीआईजी ने सड़क सुरक्षा को जीवन की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर विषय बताया। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर बल दिया। डीआईजी ने छात्रों से अपील की कि वे तेज रफ्तार, मोबाइल फोन के उपयोग और नशे में वाहन चलाने से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और जागरूकता फैलाएं। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112, 1090 और 1091 पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न को न छिपाएं और निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करें। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने साइबर अपराधों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी के माध्यम से ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर दें। कार्यक्रम में आत्मरक्षा के सरल उपायों और सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधक सोनू केजरीवाल, प्रवीण केडिया, प्रेमनाथ कुशवाहा और प्रधानाचार्य नंदराम प्रजापति सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
https://ift.tt/V4yOtaF
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply