एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र में एक चलती रोडवेज बस में महिला परिचालक और एक यात्री के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना शुक्रवार को लालपुर सिकरारी के पास हुई, जब कासगंज डिपो की बस (यूपी 78 जेजे 0801) आगरा की ओर जा रही थी। महिला परिचालक ने यात्री पर छेड़छाड़ और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। महिला परिचालक के अनुसार, बस में सवार युवक से टिकट के पैसे मांगने पर उसने अभद्र टिप्पणियां करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवक ने मारपीट की, महिला परिचालक के बाल पकड़कर उसे पटक दिया और बस के शीशे भी तोड़ दिए। उसने अपने गांव के लोगों को भी फोन कर बुला लिया। 5 तस्वीरें देखिए… पीड़ित महिला परिचालक ने बताया कि युवक अवागढ़ से बस में चढ़ा था। टिकट मांगने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया और दो-तीन किलोमीटर आगे निकलने पर दोबारा पूछने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। उसने बताया कि उसके हाथ में चोट आई है, और युवक ने बस के शीशे तोड़ने के साथ-साथ मशीन का कैश और उसका निजी कैश भी छीन लिया, जो वह अपने भाई की फीस भरने के लिए ले जा रही थी। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस के अंदर महिला परिचालक और युवक के बीच मारपीट साफ दिख रही है। वीडियो में बस में सवार अन्य चालक और यात्री बीच-बचाव करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने महिला परिचालक की लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना संज्ञान में है और तथ्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply