कन्नौज से कानपुर की ओर जा रही एक डीसीएम में अचानक से आग लग गई। धुआं और लपटें उठती देख ड्राइवर ने डीसीएम साइड में रोकी और कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन 2 घण्टे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। जिस कारण पूरी डीसीएम जल गई। फायरब्रिगेड की देरी से भड़के लोगों की टीम से झड़प भी हो गई। घटना सदर कोतवाली की मानीमऊ चौकी क्षेत्र के मित्रसेनपुर गांव के पास की है। यहां रात 7 बजे करीब हाइवे पर एक चलती हुई डीसीएम में अचानक आग लग गई। जिसको देखकर कानपुर के नौबस्ता निवासी ड्राइवर दिनेश पाल ने डीसीएम साइड में रोकी और खिड़की खोलकर छलांग लगा दी। कुछ ही देर में डीसीएम धूं-धूं कर जलने लग गई। यहां आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। मित्रसेनपुर के पूर्व प्रधान पुष्पेंद्र कटियार ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। 2 घण्टे इंतजार करने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जिससे भीड़ का पारा चढ़ गया। यहां फायर ब्रिगेड की टीम से ग्रामीणों की झड़प हो गई। भीड़ ने आरोप लगाया कि सूचना देने के 2 घण्टे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची, जिससे पूरी डीसीएम जल गई। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डीसीएम का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। बताया गया कि डीसीएम में कोल्डड्रिंक लेकर ड्राइवर दिनेश पाल छिबरामऊ गया था। जहां कोल्डड्रिंक उतारकर वह वापस कानपुर जा रहा था। ये भी बताया गया कि घटना के समय डीसीएम में लकड़ी के बॉक्स लदे हुए थे, जोकि पूरी तरह जल गए।

Leave a Reply