सोनभद्र पुलिस ने रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से ऑक्सीजन प्लांट से चोरी की गई 7 कॉपर पाइप बरामद कीं। रॉबर्ट्सगंज थाना के उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव की टीम गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर लोढ़ी अस्पताल स्थित ऑक्सीजन प्लांट के पास से अभियुक्त मोनू सोनी (उम्र लगभग 22 वर्ष), निवासी दीपनगर, रॉबर्ट्सगंज को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान, मोनू सोनी के पास से कुल 7 कॉपर पाइप (छोटे-बड़े टुकड़ों में) बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 1.485 किलोग्राम है। इस गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर रॉबर्ट्सगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा तहत मुकदमा दर्ज करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया। पूछताछ में अभियुक्त मोनू सोनी ने बताया कि उसने लोढ़ी स्थित अस्पताल परिसर में लगे ऑक्सीजन प्लांट से मौका पाकर कॉपर की पाइपें चोरी की थीं। उसने इन पाइपों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बोरी में भर लिया था ताकि उन्हें आसानी से ले जा सके। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह इन चोरी की गई पाइपों को कबाड़ी को बेचकर लाभ कमाने की नीयत से ले जा रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।

Leave a Reply