एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। कमालपुर मई गांव के सामने सड़क पार करते समय ईंटों से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। यह घटना उस समय हुई जब युवक के घर में भंडारा चल रहा था। मृतक की पहचान मैनपुरी जनपद के भोगांव थाना क्षेत्र के छाछा गांव निवासी वेदराम (35) पुत्र गिरंद सिंह के रूप में हुई है। वेदराम कमालपुर मई गांव में अपनी रिश्तेदारी में रह रहा था। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मृतक के भांजे मेघ सिंह ने बताया कि वे लोग कमालपुर स्थित माता मंदिर पर नेजा चढ़ाकर लौटे थे और घर में भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान उनके मामा वेदराम सड़क पार कर रहे थे, तभी ईंटों से भरे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सकीट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया है। सकीट थाना प्रभारी विदेश राठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply