इटावा के बसरेहर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव के पास सोमवार रात करीब 8 बजे कुएं में छह दिन से लापता युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कुएं से शव निकलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने मृतक की पहचान उसकी चप्पलों के आधार पर की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक अकबरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय कृष्ण चंद्र पुत्र सुभाष चंद्र ने बताया कि उसका छोटा भाई चंदन उर्फ चंद्रप्रकाश मजदूरी करता था। 9 दिसंबर को वह मजदूरी के सिलसिले में क्षेत्र के रिटौली गांव गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान शाम करीब साढ़े पांच बजे कुछ ग्रामीणों ने बताया कि चंदन को बसरेहर बाईपास के पास देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने युवक के लापता होने की सूचना पुलिस को दी, जिस पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। छह दिन बाद अकबरपुर गांव के पास एक कुएं में शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई कृष्ण चंद्र ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों से चंदन का पुराना विवाद चल रहा था और उन्हीं लोगों ने साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। मृतक चंदन अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके एक बेटा और एक बेटी है। घटना के बाद से पत्नी प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पहले ही गुमशुदगी दर्ज की गई थी। अकबरपुर गांव के पास कुएं से शव बरामद किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा।
https://ift.tt/MDKOE7d
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply