इटावा में एक युवती ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट करने के बाद जहर खाकर जान दे दी। युवती ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था- मेरे जनाजे पर सभी को आना है, कोई बहाना नहीं चलेगा। आज दुनिया से एक इंसान कम हो रहा है, माई लास्ट डे कोई मजाक में न लेना मैं सच में जा रही सबको छोड़कर। परिजन उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया। यहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। मामले में पिता की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला भरथना कस्बे के आदर्श नगर का है। शादी और पैसों को लेकर आरोप आदर्श नगर निवासी प्रिया कुशवाह (18) के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया, मोहल्ले के एक युवक और उसके परिवार की ओर से शादी के लिए पैसों की मांग की जा रही थी। आरोप है कि इस बात को लेकर युवती पर दबाव बनाया गया। उसे धमकाया भी गया। पिता का कहना है कि युवती ने अस्पताल में अपनी परेशानी के बारे में बताया था, जिसके आधार पर उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। पुराना विवाद भी आया सामने परिवार के मुताबिक, इससे पहले भी युवक के खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया गया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हुई थी, लेकिन बाद में बात नहीं बन पाई। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना रहा, जो अब इस दुखद घटना में बदल गया। पढ़ाई छूटने से बढ़ी परेशानी मोहल्ले के लोगों का कहना है कि युवती पहले पढ़ाई कर रही थी, लेकिन कुछ समय पहले उसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी। इसके बाद घर में पाबंदियां भी बढ़ गई थीं। इससे वह अंदर ही अंदर परेशान रहने लगी थी। घटना वाले दिन भी वह चुप और उदास थी, जिसे कोई गंभीरता से नहीं समझ पाया। युवती अपने परिवार में इकलौती बहन थी और उसके दो भाई हैं। भरथना थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply