चंदौली में बदमाशों ने एक 17 साल के लड़के की हत्या कर दी। उसने उसे रात को बक्सा चुराकर ले जाते हुए बदमाशों को देख लिया था। हिम्मत दिखाकर ललकारा और पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। दोनों में 5 मिनट तक गुत्थमगुत्था हुई। इसी बीच बदमाश ने किशोर को गोली मार दी। फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। गोली लगने के बाद भी वो बदमाश को पकड़े रहा। तब तक लोगों ने बदमाश को दबोच लिया और घायल को अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वारदात बीती रात सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी गांव में हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को पकड़ लिया। किशोर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। बाकी बदमाशों की तलाश जारी है। अब समझिए पूरा मामला दुधारी गांव निवासी मुन्ना राम के घर में देर रात करीब डेढ़ बजे 5 से 6 बदमाश घुस आए। उस वक्त घर के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान मुन्ना राम के बेटे मोनू कुमार (17) की नींद खुल गई। उसने घर में हलचल देखी। बदमाश भी किसी के जागने की आहट पर बक्सा उठाकर भागने लगे। गांव के लोगों ने बताया- इसी दौरान मोनू ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को ललकारा और शोर मचाते हुए उनका पीछा करने लगा। इस दौरान एक बदमाश को उसने दबोचकर खेत में गिरा दिया। दोनों के बीच खेत में जमकर झड़प हुई। करीब 5 मिनट तक मोनू उसे दबोचे रहा और मदद के लिए शोर मचाता रहा। पीछे से आए बदमाश ने मारी गोली इसी दौरान बदमाश ने तमंचे से मोनू के सीने पर गोली मार दी। गोली लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन इसके बावजूद माेनू उसे पकड़े रहा। तब तक गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गोली मारने वाले बदमाश को ग्रामीणों ने मौके से दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। इस दौरान गंभीर हालत में मोनू को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए चोर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक डायरी और दो मोबाइल फोन के अलावा 9 हजार कैश बरामद हुआ है। इधर, मोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में मातम छा गया। मोनू के पिता मुन्ना राम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। चार भाई और दो बहनों में मोनू 5वें नंबर पर था। दोनों बहनों गीता और आरती व सबसे बड़े भाई सोनू की शादी हो चुकी है। उसके भाई करण और छोटे भाई अंश का रो रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने सभी आरोपियों को गिरफ़्तार करने की मांग की है। सैयद राजा से सपा के पूर्व विधायक मनेाज सिंह डब्लू पहुंच गए। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लेकिन पुलिस मुकदमा तक नहीं लिखती। इस गरीब परिवार के पास अब तक कोई सरकारी अफसर नहीं पहुंचा है। परिवार के लोगों की आर्थिक मदद करने की जरूरत है। अगर ऐसा ही रहा तो पोस्टमॉर्टम के बाद चक्का जाम किया जाएगा। एएसपी बोले- तीन और संदिग्धों को उठाया एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया- एक आरोपी को गांव के लोगों ने पकड़ लिया था। उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है। बाकी वारदात में तीन और लोगों को उठाया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ा जाएगा। तीन टीमों काे लगाया गया है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
https://ift.tt/96HNO0u
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply