DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

संभल में घना कोहरा, विजिबिलिटी शून्य:AQI 200, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री; वाहन-ट्रेनें लेट, लोग ठिठुरे

संभल में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। घने कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। ट्रेनें भी दो से ढाई घंटे तक देरी से चल रही हैं, जिससे रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को अपनी ट्रेनों का घंटों इंतजार करना पड़ा। सोमवार को जनपद संभल में 5 मीटर से अधिक कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ गंगा किनारे वाले इलाकों में कोहरे का अधिक प्रभाव देखा गया। सर्द हवाओं के चलते स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और आम जनमानस को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाते दिखे, लेकिन नगर निकाय या ब्लॉक स्तर से अलाव की कोई व्यवस्था अभी तक नहीं की गई है। भोर में संभल का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और चंदौसी का 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे संभल में तापमान 11 डिग्री और चंदौसी में 12 डिग्री सेल्सियस रहा। गुन्नौर, गंवा, जुनावई, बबराला, असमोली, नरौली, बहजोई, पंवासा सहित ग्रामीण इलाकों में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, कोहरा छंटने के बाद दोपहर में तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। संभल निवासी मौ. इमरान ने बताया कि इस बार एक महीने तक अच्छी ठंड पड़ने की उम्मीद है। डॉ. पवन कुमार ने सलाह दी कि कोहरे और शीतलहर के बढ़ने से बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो सकती है, इसलिए ठंड के मौसम में गुनगुने पानी का अधिक प्रयोग करें।


https://ift.tt/NXZHBo1

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *