पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सुरियावां पुलिस टीम ने अन्तर्जनपदीय चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर प्रयागराज और भदोही जिलों में एलटी तार, एबी कंडक्टर और केबल चोरी के मामलों से संबंधित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी जंगीगंज से कोईरौना जाने वाले तिराहे से करीब 300 मीटर पहले गोपीगंज की तरफ सड़क की दाहिनी पटरी से हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 9 बोरों में लगभग 3 क्विंटल एलटी तार, एबी कंडक्टर और केबल बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने दो पिकअप वाहन, एक पल्सर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जिसका मुखिया पवन कुमार बिंद पुत्र गुलाबधर बिंद है। वे पवन कुमार बिंद के साथ मिलकर प्रयागराज और भदोही जिलों में विभिन्न स्थानों से बिजली के तार काटकर चोरी करते थे। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 24/25 की रात को भदोही जिले के प्रयागराज बॉर्डर के पास ग्राम नेवादा रोही और आसपास के इलाकों से बिजली के तार चोरी किए थे। उन्होंने बताया कि पवन कुमार बिंद, संजय बिंद और पवन कुमार बिंद उर्फ ओझा सहित कुल छह लोगों ने मिलकर पोल से तार काटे थे। चोरी किए गए तारों को पिकअप में लादकर पवन कुमार बिंद के घर पर छिपाया गया था। अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने तारों से प्लास्टिक हटाकर एल्युमिनियम को प्लास्टिक के बोरों में भर दिया था। उन्हें जानकारी मिली थी कि पुलिस ने उनकी टाटा मैजिक पिकअप को पहचान लिया है और उनकी तलाश में गांव आई है, जिसके बाद वे चोरी के तार बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply