मैनपुरी शहर में सिविल लाइन चौकी के पास सोमवार रात 10 रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। एक बिजली की दुकान पर सामान खरीदने आए युवकों और दुकानदार के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई और मारपीट में बदल गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जगरूपपुर तबेपुर निवासी कुछ युवक सिविल लाइन चौकी के पास एक बिजली की दुकान पर सामान खरीदने गए थे। सामान लेने के बाद 10 रुपए के भुगतान को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार को दुकान से बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, युवकों ने पुलिस की मौजूदगी में भी दुकानदार के साथ मारपीट जारी रखी। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि दुकानदार दुकान के बाहर सीढ़ियों पर पड़ा है, और पुलिसकर्मी हमलावरों को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कैसे एक छोटे से लेनदेन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को आगे की कार्रवाई के लिए थाने ले गई।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Puri Khabar Yahan Padhein
Leave a Reply