DniNews.Live

ललितपुर में अरिहंत भोजनालय के नाम फर्जी वेबसाइट बनी:ऑनलाइन पेमेंट लेकर खाना नहीं पहुंचाया, संचालक ने FIR दर्ज कराई

ललितपुर कोतवाली सदर क्षेत्र में अरिहंत भोजनालय के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। भोजनालय के मालिक प्रमेन्द्र कुमार जैन ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई है। अज्ञात व्यक्ति उनकी फर्म के नाम का दुरुपयोग कर ऑनलाइन खाना बुकिंग के नाम पर ग्राहकों से पैसे ले रहा है, लेकिन खाना या तो पहुंचा नहीं रहा या खराब गुणवत्ता का भेज रहा है। प्रमेन्द्र कुमार जैन ने अपनी शिकायत में बताया कि अज्ञात जालसाज उनकी फर्म के नाम, जीएसटी नंबर, एफएसएसएआई लाइसेंस और ट्रेडमार्क का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। ये लोग रेलरेस्त्रो जैसी वेबसाइटों पर ऑनलाइन ऑर्डर ले रहे हैं। ग्राहकों से भुगतान लेने के बाद उन्हें या तो खाना नहीं मिलता या फिर घटिया सामग्री भेजी जाती है। इस धोखाधड़ी के कारण अरिहंत भोजनालय की साख बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई ग्राहक सीधे फर्म को फोन करके शिकायत कर रहे हैं कि उन्होंने ऑनलाइन भुगतान किया था, लेकिन उन्हें खाना नहीं मिला या जो खाना मिला वह खराब गुणवत्ता का था। एक घटना के दौरान, दुकानदार ने स्वयं 26 मार्च को ट्रेन टिकट बुक कर खाना ऑर्डर किया। ललितपुर स्टेशन पर एक महिला, जिसने अपना नाम नेहा वर्मा बताया, उनके फर्म के नाम से खाना पहुंचाने आई थी। जीआरपी ने उसे रोका, लेकिन महिला आरक्षी न होने के कारण उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। प्रमेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि उनकी फर्म के नाम पर ऑनलाइन भुगतान लेकर आम जनता को ठगा जा रहा है। इससे न केवल ग्राहकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि उनकी फर्म की प्रतिष्ठा को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *