जालौन जनपद में मौसम ने अचानक करवट ली। दिन में तेज धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। इस मौसमी बदलाव से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया, लेकिन किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। दरअसल, इस समय गेहूं सहित अन्य रबी फसलें कटकर खेतों में पड़ी हैं। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि इन फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। खेतों में पड़ी कटी फसल के भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होगी और किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। वे नुकसान को कम करने के लिए जल्द से जल्द फसल को समेटने और ढकने का प्रयास कर रहे हैं। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में मौसम में और बदलाव की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

Leave a Reply