DniNews.Live

सहारनपुर में गोवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा:बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गोकशी के लगाए आरोप, पास में मृत पशुओं के ठेकेदार का गोदाम

सहारनपुर के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव कैलाशपुर में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब खाल गोदाम के पास खेतों में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। अवशेष देखने के बाद कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गोवंश कटान की गतिविधियां चल रही हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण इसमें शामिल लोगों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि पुलिस को पहले भी इस संबंध में सूचित किया गया था, बावजूद इसके कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर सुबोध कुमार, सीओ सदर मनीष चंद और थाना प्रभारी अमित नागर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, कैलाशपुर की गप्पन रोड स्थित खाल गोदाम के पास खेतों में गोवंश के तीन सिर और अन्य अवशेष पड़े मिले। इस दृश्य को देखकर कार्यकर्ता भड़क उठे और मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बजरंग दल के महानगर सुरक्षा प्रमुख शुभम यादव देवा, विभाग संयोजक शक्ति राणा और महानगर संयोजक ललित शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह स्पष्ट रूप से गोवंश कटान का मामला है और दोषियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज होना चाहिए। हंगामे के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं को देखकर भागने की कोशिश कर रहे मंसूर पुत्र महबूब निवासी कैलाशपुर को पुलिस ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उसका खाल गोदाम से संबंध है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। घटना की सूचना पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी केके नागर और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.अनुज सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मांस के सैंपल लिए। डॉ. अनुज सिंह ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि अवशेष किस पशु के हैं। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने इस मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों की जांच कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान शानू पंड़ित, रवीश काम्बोज, जतिन यादव, मोनू, अभिषेक, लक्की, लविश यादव, तनु, अजय, अनमोल, बसंत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसएसपी अभिनंदन का कहना है कि गोवंश पुराने दिखाई दे रहे हैं। जिस गोदाम में ये मिला है, उस पर मृत पशुओं को उठाने का ठेका है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा और आरोप लगाया जा रहा है। जिसकी जांच की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *